बिहार
अब मुजफ्फरपुर में तेजी से वायरल हो रहा लड़की से छेड़खानी का वीडियो, पुलिस मौन
By Deshwani | Publish Date: 30/5/2017 6:26:02 PMमुजफ्फरपुर। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के रामपुर के बाद अब मुजफ्फरपुर में सरेआम एक स्कूली लड़की से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। शहर से सटे सीतामढ़ी एरिया के बूढ़ी गंडक नदी पर स्थित रेल पुल पर कुछ मनचले पहले लड़की के दोस्त की पिटाई करते हैं और फिर लड़की के साथ छेड़खानी करते दिख रहे हैं।
फेसबुक और वाट्सएप पर 1 मिनट 11 सेकंड का वीडियो पिछले 25 मई से वायरल हो रहा है। लेकिन, अब तक इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि शहर के एक प्राइवेट स्कूल की लड़की स्कूल ड्रेस में अपने साथी के साथ रेल पुल पर है। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ मनचले पहले उसके साथी की पिटाई करते हैं। इस दौरान लड़की अपने पीछे छिपकर मनचलों से बचना चाह रही है। लड़की और उसका दोस्त दोनों बार-बार मनचलों को सॉरी बोल रहे हैं। लेकिन मनचले नहीं मानते हैं और लड़के की पिटाई करने के बाद लड़की से छेड़खानी करते हैं।
लड़का और लड़की दोनों कहते हैं कि वे अब से यहां नहीं आएंगे। इस दौरान मनचलों का एक साथी मोबाइल से वीडियो बना रहा होता है। इस दौरान लड़की का दोस्त रूमाल से अपना चेहरा छिपाना चाहता है। लेकिन तभी एक मनचला लड़की को पीछे से पकड़ लेता है और वो चिल्लाती है।
इसके बाद लड़की का दोस्त आगे आ जाता है। लेकिन, एक बार फिर वह लड़की तक पहुंचता है। इसी बीच एक मनचला लड़की और उसके दोस्त पर लाठी चलाता दिखाता है।
सूत्रों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन इस तरह की घटना होते रहती है। स्कूल और कॉलेज के लड़के और लड़कियां शहर से सटे फोरलेन के किनारे इन इलाकों में घूमने के लिए अक्सर पहुंचते हैं। असामाजिक तत्व इनके साथ गलत बर्ताव करते हुए न सिर्फ इनकी पिटाई करते हैं, बल्कि छेड़खानी जैसी घटना को अंजाम देते हैं। कुछ मनचले वीडियो वायरल करने की धमकी देकर गलत हरकत भी करते हैं।
-