भागलपुर
श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां विषहरी को किया विसर्जित
By Deshwani | Publish Date: 20/8/2017 12:49:30 PMभागलपुर, (हि.स)। बिहार के भागलपुर में अंग प्रदेश के लोक आस्था की पूजा मां विषहरी आज संपन्न हो गयी। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां विषहरी को गंगा नदी में विसर्जित किया। इसके पूर्व मां विषहरी की शोभा यात्रा निकाली गई। देर रात से ही शहर के विभिन्न विषहरी पूजा समिति के द्वारा मां की प्रतिमा को ट्रक में सजाकर स्टेशन चौक लाया गया। स्टेशन चौक पर केंद्रीय विषहरी पूजा समिति के द्वारा मां विषहरी की पूजा-अर्चना करने के बाद शोभा यात्रा के आगे बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ। स्टेशन चौक पर इस शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की अपार भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान बजने वाले डीजे के धुन पर लोग जमकर नृत्य कर रहे थे। कई जगहों पर ढोल नगाड़े भी बजाए जा रहे थे। शोभायात्रा के दौरान इसमें शामिल लोग पारंपरिक हथियारों के साथ करतब दिखा रहे थे। तलवारबाजी, लाठी, एवं अन्य कई पारंपरिक हथियारों से लड़ाई के तरीकों को दर्शा रहे थे। शोभा यात्रा के दौरान लोगों ने एक दूसरे के उपर जमकर अबीर और गुलाल उड़ाए। यह शोभा यात्रा स्टेशन चौक से शुरू होकर भेरायटी चौक, कोतवाली चौक, बूढ़ानाथ चौक, आदमपुर चौक, खंजपुर चौक होते हुए मुसहरी गंगा घाट पहुंची। जहाँ मां की पूजा कर उन्हें नम आंखों से गंगा में विसर्जित किया गया। उधर शोभायात्रा को लेकर प्रशासन की ओओर सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था की गई थी। जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। विषहरी पूजा के लिए विशेष तौर पर रैफ के दो बटालियन को यहाँ मंगाया गया था। विसर्जन को लेकर सभी प्रमुख चौक चौराहों सहित शोभायात्रा मार्ग में रैफ के जवानों की तैनाती की गई थी।