बिहार
नरकटियागंज के बैरिया में घुसा पंडई नदी का पानी, कई गांवों पर संकट
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 7:29:11 PMबेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जिले के नरकटियागंज इलाके में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से कई नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इधर पंडई नदी का पानी बैरिया गांव में प्रवेश कर गया है। इस गांव में लोग अपने- अपने सामान को बचाने में लगे हुए हैं। वहां लोगों के बीच तबाही मची है। नोनिया टोला का विद्यालय बाढ़ के पानी से घिर गया है। नरकटियागंज - सहोदरा मुख्य पथ में पकड़ी ढाला से लेकर नोनिया टोला गांव तक सड़क पर करीब डेढ़ से दो फीट पानी बह रहा है। उस मार्ग पर आवागमन प्रभावित है।
वहीं मनियारी नदी का पानी भी केसरिया पंचायत के कुछ गांव में प्रवेश करने की सूचना है। हड़बोड़ा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और तटीय क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। वही केसरिया गांव में भी मनियारी नदी का पानी घुस गया है। हालांकि वहां देर रात के बाद पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ है। मगर गांव में अभी भी लोग सहमे हुए है। जबकि कुण्डिलपुर पंचायत के मंझरिया गांव मनियारी नदी की बाढ़ के चपेट में आ गया है। ग्रामीण पूरी तरह से दहशत में है।