नई दिल्ली, (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2018 की नीलामी प्रक्रिया में 1,122 खिलाड़ी शामिल होंगे। इन खिलाड़ियों में 282 कैप्ड (जिन्हें कम से कम एक अंतरराष्ट्रीय मैच का अनुभव हो) और 840 अनकैप्ड (जिन्हें घरेलू क्रिकेट का ही अनुभव है) खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें 778 भारतीय और 3 खिलाड़ी एसोसिएट देशों के हैं। नीलामी 27-28 जनवरी को होगी, जिसमें 8 फ्रेंचाइजी इन 1,122 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगे।
सूची में ऑस्ट्रेलिया के 58, दक्षिण अफ्रीका के 57, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के 39-39, न्यूजीलैंड के 30 और इंग्लैंड के 26 खिलाड़ी हैं।
नीलामी सूची में प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों में जो रूट, क्रिस गेल, बेन स्टोक्स, क्रिस लिन, इयोन मोर्गन,तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, ड्वेन ब्रावो, कार्लोस ब्राथवेट, इविन लुईस, जेसन होल्डर, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, थिसारा परेरा, ग्लेन मैक्सवेल, आलराउंडर शेन वाटसन, मिशेल जॉनसन, केन विलियमसन, कॉलिन मुनरो, टॉम लाथम, हाशिम अमला, फाफ डु प्लेसिस, क्विंटन डी कॉक, डेविड मिलर, मोर्न मोर्केल और कागीसो रबादा शामिल हैं, जिन्हे खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2018 का आयोजन 4 अप्रैल से 31 मई तक होगा।