खेल
एशेज : स्मिथ ने लगाया दोहरा शतक
By Deshwani | Publish Date: 16/12/2017 3:42:13 PMपर्थ, (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ का इस साल शानदार प्रदर्शन जारी है। स्मिथ ने एशेज श्रृंखला के तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन दोहरा शतक जड़ा। स्मिथ ने शनिवार को 92 रन के व्यक्तिगत स्कोर के साथ अपनी पारी शुरू की और 138 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। समाचार लिखे जाने तक स्मिथ 229 रन बनाकर नाबाद हैं।
वहीं उनके साथ बल्लेबाजी कर रहे शॉन मार्श भी अपने दोहरे शतक के करीब हैं। मार्श 181 रन बनाकर नाबाद हैं। इन दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 301 रनों की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड द्वारा पहली पारी में बनाए गए 403 रनों के जवाब में 4 विकेट के नुकसान पर 549 रन बना लिए हैं।
स्मिथ के दोहरे शतक की बात करें तो वह वर्ष 1993 के बाद एशेज में दोहरा शतक लगाने के वाले पहले टेस्ट कप्तान व वर्ष 1971 के बाद से अपने घर पर एशेज श्रृंखला में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। स्मिथ से पहले यह उपलब्धि जस्टिन लैंगर के नाम थी। लैंगर ने एमसीजी में 250 रनों की पारी खेली थी।
इसके अलावा स्मिथ का एशेज श्रृंखला में यह दूसरा दोहरा शतक है। पहला दोहरा शतक उन्होंने साल 2015 में लॉर्ड्स में लगाया था। एशेज में सबसे ज्यादा दोहरा शतक डॉन ब्रैडमैन ने लगाए हैं। ब्रैडमैन के नाम 8 दोहरे शतक हैं। दूसरे नंबर पर चार दोहरे शतक के साथ वैली हेमंड और तीसरे नंबर पर दो-दो दोहरे शतकों के साथ बॉब सिंपसन और स्टीव स्मिथ हैं।