खेल
श्रीलंका ने भारत के सामने रखा 217 रनों का लक्ष्य
By Deshwani | Publish Date: 20/8/2017 7:38:11 PMदाम्बुला, (हि.स.)। श्रीलंका ने पांच मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारत के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा है। एक बेहतरीन शुरूआत के बावजूद श्रीलंकाई टीम 43.2 ओवरों में केवल 216 रनों पर ही सिमट गई। पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 36 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। दानुस्का गुनातिलका और निरोशन डिकवेला ने श्रीलंकाई टीम को शानदार शुरूआत दिलायी। दोनों ने पहले विकेट के लिये 74 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को यजुवेन्द्र चहल ने तोड़ा। चहल की गेंद पर राहुल ने गुनातिलका का कैच पकड़ा। गुनातिलका ने 35 रन बनाये।
इसके बाद कुशल मेंडिस और डिकवेला ने संभलकर खेलते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। इन दोनों के बीच 65 रनों की साझेदारी हुई। 139 के कुल स्कोर पर केदार जाधव ने डिकवेला को पगबाधा कर यह साझेदारी तोड़ी। डिकवेला ने 64 रन बनाये। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और एक समय दो विकेट पर 139 रन बनाने वाली लंकाई टीम 216 पर ढ़ेर हो गई। भारत की तरफ से यजुवेन्द्र चहल ने 3 और जाधव, चहल व बुमराह ने 2-2 विकेट लिया।