खेल
द्रोणाचार्य पुरस्कार की सूची से हटा सत्यनारायण राजू का नाम
By Deshwani | Publish Date: 20/8/2017 1:58:25 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। खेल मंत्रालय ने इस साल द्रोणाचार्य पुरस्कार की सूची से पैरा खेलों के कोच सत्यनारायण राजू का नाम हटा दिया है। मंत्रालय ने सत्यनारायण पर लंबित एक आपराधिक मामले के कारण उनका नाम हटाया। सत्यनारायण ने मरिअप्पन थांगवेलू को प्रशिक्षित किया है, जिन्होंने रियो पैरालिंपिक्स में स्वर्ण पदक जीता था और इस वर्ष अर्जुन पुरस्कार के लिए उनके नाम की सिफारिश की गई है।
हालांकि खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कारों के लिए सिफारिश किए गए नामों में कोई बदलाव नहीं किया है। जिसका मतलब है कि टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और भारोत्तोलक संजीत चानू को अर्जुन पुरस्कारों की सूची में शामिल नहीं किया गया है।
खेलमंत्री विजय गोयल से मंजूरी मिलने के बाद पुरस्कार विजेताओं को ईमेल भेज दिये गए हैं। मंत्रालय द्वारा नियुक्त चयन पैनल ने अर्जुन पुरस्कारों के लिए दो पैरा-एथलीटों सहित 17 खिलाड़ियों के नाम की अनुशंसा की थी। वहीं, खेल रत्न के लिए सरदार सिंह और रियो पैरालिंपिक्स के स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झांझरिया के नाम की सिफारिश की थी।