खेल
महिला विश्वकप : इंग्लैंड के खिलाफ भारत की धमाकेदार शुरुआत
By Deshwani | Publish Date: 24/6/2017 7:09:31 PM डर्बी, (हि.स.)। स्मृति मंधाना (90) और पूनम राउत (नाबाद 69) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के अपने पहले मैच में खिताब के प्रबल दावेदार और मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की।
शनिवार को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने समाचार लिखे जाने तक एक विकेट नुकसान पर 36 ओवर में 183 रन बना लिए हैं। स्मृति मंधाना और पूनम राउत ने पहले विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी कर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई।
मंधाना अपने वनडे कॅरियर का दूसरा शतक बनाने से चूक गई। वह 90 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट की गेंद पर डेनियली हेजेल को कैच देकर पवेलियन लौट गई।
मंदाना ने अपनी विस्फोटक अर्धशतकीय पारी में केवल 72 गेंदों का सामना किया। जिसमें उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। वहीं राउत ने अपनी पारी में 115 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान मिताली राज 20 रन बनाकर राउत (69) के साथ क्रीज पर मौजूद हैं।