राज्य
मुख्यमंत्री आवास में लगे 21 सीसीटीवी कैमरे बताएंगे 'थप्पड़कांड' का सच
By Deshwani | Publish Date: 23/2/2018 4:51:09 PMनई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के सलाहकार वीके जैन की गवाही के बाद मुख्य सचिव से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंची। पुलिस यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास में लगे 21 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को सील कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए भी उन सबूतों को जुटा रही है कि आखिर इस मारपीट में और कौन-कौन विधायक शामिल थे। इसके अलावा मारपीट के समय मौजूद अरविंद केजरीवाल की भूमिका पर भी उसकी पैनी नजर है।
मुख्यमंत्री आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ उस कमरे का भी निरीक्षण किया, जहां पर यह घटना घटित हुई थी। वीके जैन के बयान के बाद सीसीटीवी की फुटेज इस मामले की जांच के लिए सबसे अहम सबूत होंगे। दिल्ली पुलिस को शक है कि मुख्यमंत्री आवास से मीडिया में जो सीसीटीवी फुटेज लीक की गई है, उसमें टाइम के साथ कुछ छेड़छाड़ की गई है। दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई का यह एक बड़ा कारण हो सकता है।
वीके जैन के अहम बयान के बाद दिल्ली सरकार की मुश्किलें बढ़ गई है। मुख्य सचिव से मारपीट के समय मुख्यमंत्री आवास में मौजूद अन्य विधायकों और कर्मचारियों की भी गिरफ्तारी होना तय है। दिल्ली पुलिस घटना वाली रात मुख्यमंत्री आवास में मौजूद अन्य विधायकों व आप नेताओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह भी तय है अगर उन विधायकों पर कार्रवाई हुई तो इसकी आंच अरविंद केजरीवाल और मनीष सीसोदिया तक आना तय है।