राज्य
एकात्म यात्रा: कृष्णपुरा छत्री पर हुआ दीपोत्सव, राजवाड़े पर हुई आरती
By Deshwani | Publish Date: 19/1/2018 11:08:55 AMइंदौर (हि.स.)। आदि गुरू शंकाराचार्य के संदेश को जन-जन में प्रसारित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही एकात्म यात्रा आगामी 20 एवं 21 जनवरी को इंदौर शहर का भ्रमण करेगी। इस संबंध में जन-जाग्रती के लिए जिला आयोजन समिति द्वारा जगह-जगह पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी तारतम्य में शुक्रवार को देर शाम कृष्णपुरा छत्री पर दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजनों ने दीप जला कर कार्यक्रम को रोशन किया। इसके पश्चात राजवाड़े पर आरती भी हुई।
एकात्म यात्रा महोत्सव के तहत शुक्रवार को देर शाम कृष्णपुरा छत्री पर दीपोत्सव का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राजवाड़ा चौक पर स्थित आदि शंकराचार्यजी के चित्र के सम्मुख आरती पूजन व भजन कीर्तन भी किया गया। इस अवसर पर आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, यात्रा प्रभारी विजय दुबे, स्वामी आत्मानंदजी सरस्वती, तुलसीराम रघुवंशी, समाजसेवी अल्का सेनी, अंजू माखिजा, पद्मा भोजे, विनीता धर्म, कंचन गिदवानी एवं अन्य श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
एकात्म यात्रा के संबंध में जन जागरण के लिए राजबाड़ा पर आदि गुरू शंकरार्चाय जी पर आधारित झांकी भी लगाई गई हैं। यहां पर प्रतिदिन शाम को आरती भी की जा रही हैं। जिले में जन-जागरण के लिए अन्य कार्यक्रम भी लगातार आयोजित किये जा रहे हैं। बताया गया कि शुक्रवार शाम को एकात्म यात्रा इंदौर आएगी और यह यात्रा 20 जनवरी को बड़ा गणपति से प्रारंभ होगी। विभिन्न मार्गो से होती हुई गांधी हॉल में समाप्त होगी। गांधी हॉल में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया हैं। यह यात्रा 21 जनवरी 2018 को भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगी तथा इसके पश्चात औंकारेश्वर के लिए रवाना होगी।