राज्य
बदमाशों ने फसल रखवाली करते दो किसानों को मारी गोली, एक की मौत
By Deshwani | Publish Date: 23/10/2017 2:55:10 PMऔरैया, (हि.स.)। औरैया जनपद के सहायल थानाक्षेत्र में खेत में फसल की रखवाली कर रहे दो किसानों को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना में एक किसान की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
सहायल थाना इलाके में स्थित सबलपुर गांव के बाहर किसान जगमोहन का खेत है। किसान ने शनिवार को खेत में लगी धान की फसल की कटाई कराई थी। कटाई के बाद फसल खेत में ही पड़ी थी। रिश्तेदारी में जाने के चलते किसान ने फसल की रखवाली साथी श्रीकृष्ण को सौंपी थी। बीती रात श्रीकृष्ण खेत के पास जयदेव की झोपड़ी में रहकर फसल की रखवाली कर रहा था। रात होने पर दोनों चारपाई पर सो गये।
ग्रामीणों की माने तो देर रात करीब तीन बजे गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों ने समझा की दीपावली के दौरान किसी ने तमंचे से फायर किया होगा। सोमवार सुबह ग्रामीण खेत पहुंचे तो देखा कि लहुलूहान हालत में श्रीकृष्ण व जयदेव पड़े हैं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना देते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने श्रीकृष्ण को मृत घोषित कर दिय।
पुलिस ने नाजुक हालत में जयदेव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एसपी संजीव कुमार ने बताया कि दो किसानों को गोली मारी गई है। जिसमें एक की मौत हो गई है। दूसरे का इलाज चल रहा है। मृतक किसान का शव पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। घटना की रंजिश के साथ ही कई बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। गांव के कुछ लोगों से पूछताछ जारी है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।