राज्य
मदरसों के विकास के लिए सालाना राशि दोगुनी करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया
By Deshwani | Publish Date: 23/9/2017 6:45:36 PMभोपाल, (हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने मदरसों के अधोसंरचना विकास के लिए मदरसों को मिलने वाली सालाना राशि दोगुनी वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सबका साथ सबका विकास मूलमंत्र के साथ मदरसों के विकास के लिए हर संभव कोशिश की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जहां पंजीकृत मदरसों को 25 हजार रुपए देय था वह 50 हजार रुपए हो जायेगा। मदरसा बोर्ड के लिए एक आडोटोरियम बनाने की मुख्यमंत्री ने घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि दीनी तालीम तो आवश्यक है लेकिन अल्पसंख्यक किशोरों और युवकों के लिए कौशल विकास की तालीम भी समय का तकाजा है। इससे छात्र हुनरमंद बनेंगे। प्रौद्योगिकी और तकनीक की तालीम के अभाव में बेरोजगारी की संभावना बढ़ती है और प्रतिभावान युवक व्हाइट कालर जाब के चक्कर काटते रहते हैं। इसलिए मदरसों में परंपरागत पाठ्यक्रम में संवर्धन समय की मांग है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस दिशा में आवश्यक कदम उठाते हुए अल्पसंख्यक छात्र छात्राओं को कौशल विकास से जोड़ने का बीड़ा उठाया है।
डॉ. पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मदरसों में तालीम के साथ कौशल विकास की आवश्यकता रेखांकित की है। कौशल विकास से अल्पसंख्यकों के लिए आकर्षक नौकरियों के द्वार खुलेंगे। अब तक अल्पसंख्यकों को अच्छे रोजगार मिलने में परेशानी होती है, क्योंकि उनकी तैयारी कम ही होती है। मदरसों का आधुनिकीकरण होने से अल्पसंख्यकों के लिए नौकरियों का विस्तृत क्षेत्र उपलब्ध होगा।