राज्य
जयपुर में तीन थाना क्षेत्रों से हटा कर्फ्यू , इंटरनेट सेवा बहाल
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2017 10:37:09 AMजयपुर। शहर के रामगंज थाने के बाहर पिछले शुक्रवार रात हुए विवाद के बाद लगाया गया कर्फ्यू अब केवल एक थाना क्षेत्र तक ही सीमित कर दिया गया है।
विवाद के बाद चार थाना क्षेत्रों रामगंज, मानक चौक, सुभाष चौक और गलता गेट में कर्फ्यू लगाया गया था। हालात सुधरने के साथ ही इन चार थाना क्षेत्रों में से तीन से कर्फ्यू को हटा दिया गया है।
अब केवल रामगंज में ही रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। वहीं अब सभी थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा को भी बहाल कर दिया गया है।
इस खबर से कफ्र्यू के दौरान घरों में कैद होकर रह गए लोगों ने रात की सांस ली है। कर्फ्यू के छठे दिन लोगों को घरों से पूरा दिन निकलने और अपनी जरूरतें पूरी करने का मौका मिला।
पुलिस प्रशासन की ओर से कर्फ्यू के पांचवें दिन दी गई 13 घंटे की ढील के बाद रामगंज बाजार एक बार फिर गुलजार सा नजर आया। इन 13 घंटे में ऐसा लगा मानों यहां कुछ हुआ ही नहीं।
गुलाबी नगरी लोगों की आवाजाही से महक उठी। एक बार फिर गलियां और रोड बहते नजर आए। इसके बाद लोगों को यह विश्वास हो गया कि अब हम यहां एक बार फिर शांति से रह सकते हैं।