राज्य
पंचायत चुनाव में फिर होगी कांग्रेस की जीत : गोगोई
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2017 4:31:08 PMहोजाई, (हि.स.)। सोमवार को मध्य असम के होजाई जिले में कांग्रेस पार्टी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री व असम के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तरुण गोगोई ने कहा कि पंचायत चुनाव में फिर से असम में कांग्रेस पार्टी की जीत होगी। सत्ताधारी पार्टी भाजपा गठबंधन सरकार से राज्य की जनता अपने आपको ठगी महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि आगंतुक पंचायत चुनाव में कांग्रेस अपनी शक्ति को फिर से एकजुट कर सत्ताधारी पार्टी का मुकाबला कर विजय हासिल करेगी। कारण जनता अब भाजपानीत गठबंधन सरकार के कामकाज को देख चुकी है। सरकार आम लोगों के हितों के लिए कुछ भी नहीं कर रही है।
उन्होंने अल्पसंख्यक राजनीति करने वाली पार्टी आल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष व धुबड़ी के सांसद मौलाना बदरुदीन अजमल पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब अल्पसंख्यक समाज अजमल के बयानों को समझ चुका है। अब उनका कोई काम नहीं रह गया है। पानी में फूंक मारकर जादू के जरिए लोगों को बरगलाने की अब अजमल की कोशिश नहीं चलने वाली है। पूर्व मुख्यमंत्री ने ये बातें लंका में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कही।