राष्ट्रीय
राहुल की मंजूरी के बाद कैप्टन ने गुरजीत सिंह का इस्तीफा स्वीकारा
By Deshwani | Publish Date: 18/1/2018 6:23:10 PMनई दिल्ली (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को दिल्ली आकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से विचार-विमर्श के बाद आखिरकार अपने मंत्रिमंडल के चर्चित मंत्री राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि राणा गुरजीत पंजाब की अमरिंदर सरकार में ऊर्जा एवं सिंचाई विभाग के मंत्री थे। दरअसल, राणा गुरजीत सिंह और उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों का नाम पर रेत खनन आवंटन की गड़बड़ियों में आ रहा था। पिछले दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरजीत सिंह के बेटे को मनी लॉड्रिंग के मामले में समन भी भेजा था। इन आरोपों के बीच गुरजीत सिंह विपक्ष के निशाने पर आए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। आज राहुल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने का ऐलान कर दिया है।
अमरिंदर सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि कपूरथला से विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद गुरजीत सिंह ने पिछले सप्ताह ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने कुक और ऑफिस स्टाफ के नाम पर गलत तरीके से रेत खनन का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था। उल्लेखनीय है कि 25 दिसंबर, 2016 को राणा गुरजीत सिंह के खिलाफ एक आपराधिक मामला भी दर्ज हुआ था।