राष्ट्रीय
दुष्कर्म की घटनाओं पर जवाब दे केंद्र और खट्टर सरकार : कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 18/1/2018 6:05:25 PMनई दिल्ली (हि.स.)। कांग्रेस ने गुरुवार को हरियाणा में हुए दुष्कर्म को लेकर केंद्र और राज्य की खट्टर सरकार को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल करार देते हुए आरोप लगाया कि अधिकतर अपराधी हरियाणा-दिल्ली का बॉर्डर इस्तेमाल करते हैं, इसलिए दोनों सरकारों की जवाबदेही बनती है।
उल्लेखनीय है कि जींद, पानीपत के बाद बुधवार को दुष्कर्म की पांचवी घटना हरियाणा में सामने आई है। फतेहाबाद के भूटान गांव में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। इसकी निंदा करते हुए कांग्रेस के प्रमुख प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज भी हरियाणा के फतेहाबाद में गैंग दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मुख्यमंत्री सिर्फ ‘लिप सर्विस’ कर रहे हैं, उनकी सरकार दिल्ली में बैठकर हरियाणा चलाना चाहती है। मुख्यमंत्री को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह और केंद्र के नेताओं के दिल्ली में फेरे लगाने से फुर्सत नहीं है। सिर्फ कुछ अधिकारियों के तबादले से दुष्कर्म नहीं रुकने वाले हैं।
सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘गैंगरेप में हरियाणा सरकारी आकंड़ों में नंबर एक पर है, अकेले खट्टर सरकार ही नहीं केंद्र भी ज़िम्मेदार है क्योंकि अपराधी हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर का इस्तेमाल करते हैं, प्रधानमंत्री जागें और अपनी सरकार को कड़े एक्शन लेने को कहें।'