राष्ट्रीय
जोधपुर में लड़ाकू विमान सुखोई-30 में उड़ान भरेंगी रक्षा मंत्री
By Deshwani | Publish Date: 16/1/2018 8:47:00 PM जोधपुर, (हि.स.)। पश्चिमी सीमा के महत्वपूर्ण शहर जोधपुर की आकाशीय सीमा में बुधवार को शौर्य और पराक्रम का एक नया इतिहास रचा जाएगा। आसमान की सरहद पर भारत की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन लड़ाकू विमान सुखोई-30 में उड़ान भरेंगी।
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमन बुधवार को जोधपुर पहुंचेंगी। वे यहां वायुसेना स्टेशन पर लड़ाकू विमान सुखोई-30 में सॉर्टी उड़ान भरेंगी। इसके बाद स्टेशन पर वायुसेना के अधिकारियों से ऑपरेशनल तैयारियों के सम्बन्ध में चर्चा भी करेंगी। उनका शाम को ही दिल्ली निकलने का कार्यक्रम है। रक्षामंत्री रहते यह उनकी दूसरी जोधपुर यात्रा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतारमन वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 विमान में सवार होंगी। यह दो सीटर लड़ाकू विमान है। रक्षा मंत्री पायलट के साथ पिछली सीट पर बैठेंगी और सुखोई-30 के साथ जोधपुर एयरबेस का चक्कर लगाएंगी। इस दौरान वे लड़ाकू विमान की तकनीक और हमला करने की रणनीति से भी रूबरू होंगी। जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 की दो स्क्वॉड्रन यानी कुल 36 विमान हैं। सामरिक दृष्टि से जोधपुर वायुसेना स्टेशन बहुत महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि रक्षामंत्री बनने के बाद सीतारमन सेना के विभिन्न अंगों में ऑपरेशनल तैयारियों का सतत निरीक्षण कर रही हैं। हाल ही में नौसेना पोत आईएनएस विक्रमादित्य में बैठ कर उन्होंने समुद्र में सेना की तैयारियों का जायजा लिया था।