जदयू शरद गुट ने घोषित की पदाधिकारियों की सूची, 11 मार्च को होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
नई दिल्ली, (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड ) के कुनबे में पड़ी दरार के बाद शरद यादव गुट ने बकायदा अपनी कार्यकारिणी के सदस्यों का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही जदयू का यह बागी धड़ा अगले साल 11 मार्च को पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन आहूत करेगा। शनिवार को यहां शरद यादव ने अपने गुट के पार्टी पदाधिकारियों के नामों की घोषणा कर दी। इसके तहत पूर्व मंत्री रमई राम को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विभिन्न पार्टी पदाधिकारियों के नाम की घोषणा करते हुए शरद यादव ने कहा कि हम साझी विरासत के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे और इसकी तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इसका अगला आयोजन होगा।
शरद यादव ने यहां अपने गुट के नेताओं की एक बैठक के बाद सर्वसम्मति से पार्टी पदाधिकारियों के नाम पर मुहर लगाई । वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की। इसके मुताबिक, छोटू भाई वसावा को जद-यू (शरद गुट) का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं राज्यसभा सांसद अली अनवर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा राजवंशी महतो, एस एन गौतम, सुशीला एम. को उपाध्यक्ष, अरुण श्रीवास्तव, जावेद रजा, के. रमैय्या, अर्जुन राय, जॉर्ज वर्गीज, गोविंद यादव, अमिताभ दत्ता, वीरेंद्र विधूड़ी और रतन लाल समेत 9 महासचिव बनाए गए हैं। शरद ने हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयोग के समक्ष जद-यू के चुनाव चिन्ह तीर पर अपना दावा पेश किया जबकि नीतीश कुमार की अगुवाई वाले गुट के पक्ष में भी जद-यू के विधायकों, सांसदों ने आयोग के समक्ष अपना दावा प्रस्तुत किया है।