राष्ट्रीय
राज्यसभा : किसानों के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही 2:30 बजे तक स्थगित
By Deshwani | Publish Date: 21/7/2017 2:32:53 PMनई दिल्ली, (हि.स)। संसद के मानसून सत्र के पांचवा दिन शुक्रवार को किसानों के मुद्दे पर राज्यसभा में फिर हंगामा हुआ। पहले 12 बजे और इसके बाद 2:30 बजे तक विपक्ष के हंगामें की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हुई।
कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने शुक्रवार को एक बार फिर किसानों के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरने का प्रयास किया, विपक्षी सांसदों ने वेल में आकर नारेबाजी की और हंगामा किया। पिछले दो दिनों से लोकसभा की कार्यवाही इसी मुद्दे पर लगातार बाधित हो रही है।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के सदस्य नरेश अग्रवाल ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि सदन में उनकी एक टिप्पणी को लेकर उन्हें धमकी दी गयी है और दिल्ली स्थित उनके आवास पर तोड़फोड़ की गयी है जिस पर विपक्षी दलों के सदस्यों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भारी शोरगुल एवं हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गयी।
दरअसल सदन की कार्यवाही शुरु होने पर जरुरी दस्तावेज पटल पर रखवाये जाने के बाद अग्रवाल ने कहा कि गत बुधवार को उन्होंने सदन में एक टिप्पणी की थी जिसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था तथा उन्होंने अपने कथन पर खेद भी व्यक्त किया था। इसके बावजूद यह प्रिंट मीडिया में छपा और सोशल मीडिया में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कल दिल्ली स्थित उनके आवास पर तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक पदाधिकारी ने सदन में उनके कथन को लेकर मेरठ में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इसके साथ ही लखनऊ और हरदोई स्थित उनके आवास पर धमकी दी गयी है। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा माहौल को खराब कर रही है और सदन में बोलने पर जीवन पर खतरे की बात हो तो यह सदन की अवमानना है।