झारखंड
प्राइवेट स्कूलों को मान्यता देने की मांग
By Deshwani | Publish Date: 19/8/2017 7:37:35 PM रांची, (हि.स.)। आरटीई के अंतर्गत प्राइवेट स्कूलों की भूमिका, समस्या एवं मान्यता संबंधित निदान के लिए शनिवार को झारखंड गैर सरकारी स्कूल संचालक संघ की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर उपस्थित थी।
आरती कुजूर ने कहा कि आखिर क्या वजह है कि लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में नहीं पढ़ाना चाहते हैं। हमें सरकारी स्कूलों में ऐसी व्यवस्था बनानी होगी कि लोग प्राइवेट स्कूल में न भेजकर सरकारी स्कूलों में भेजें। लेकिन इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा, तभी यह संभव है। मौके पर संघ के अध्यक्ष राम प्रकाश तिवारी ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि सभी प्राइवेट स्कूलों को बिना शर्त नियम-कानूनों को ढ़िलाई करते हुए मान्यता दिया जाये। जिन स्कूलों के मान्यता संबंधित कमी हो, उसका लिखित सूचना देते हुए समय भी दिया जाये। इसके अलावा कार्यशाला में कई बिन्दुओं पर चर्चा हुई। मौके पर संघ के उपाध्यक्ष सुरेश्वरी महतो, डॉ राजेश कुमार, मनोज कुमार, आनंद कुमार झा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।