झारखंड
डिप्टी मेयर की अगुवाई में पार्षदों का धरना
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 8:10:46 PMबोकारो, (हि.स.)। चास नगर निगम विकास से कहीं अधिक राजनीति का अखाड़ा बनता नजर आ रहा है। अधिकारी भले ही आते-जाते रहे हों, लेकिन राजनीति का दौर शायद वहीं रह गया है। एक बार फिर से नगर निगम का अंतर्कलह बाहर उजागर दिख रहा है और पुनः अगुवा बन सामने आये हैं उप महापौर अविनाश कुमार। उनकी अगुवाई में वार्ड पार्षद ने सातसूत्री मांगों को लेकर निगम में बुधवार को एकदिवसीय धरना दिया। डिप्टी मेयर अविनाश ने कहा कि नागरिक सुविधा के लिए 19 आरसी पुलिया और चार यूरिनल के कार्य के लिये निविदा निकाली गयी, जो असंवैधानिक है। नागरिकों के द्वारा सैकड़ों नक्शा घर बनाने को लेकर निगम में जमा पड़ा है, जो अभी तक पास नहीं हुआ है। उसे जल्द पास कराया जाये। चास जलापूर्ति योजना के तहत हजारो घरों को जलापूर्ति 35 दिन से बंद है।
डिप्टी मेयर अविनाश ने कहा कि लोगों से लाखों रुपए कनेक्शन के लिए लिया गया। एक सप्ताह के अंदर जलापूर्ति की गयी, उसके बाद नतीजा वही रह गया, ढाक के तीन पात। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना धीमी गति से चल रही है। किश्त समय पर उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह बोर्ड बैठक होनी चाहिये, ताकि वार्ड पार्षद अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करा सकें। धरने के बाद कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र सौंपा गया। इस पर कार्यपालक पाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने जल्द से जल्द समस्यायों को अपने स्तर से दूर करने करने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार के कथित गलत रवैये को लेकर डिप्टी मेयर की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन होते थे। हाल ही में जगदीश प्रसाद यादव अब इस पद पर आये हैं तो उनके कथित गलत रवैये को लेकर भी लोगों का आक्रोश सामने आ गया है।