झारखंड
आपदा पीड़ित परिवारों को मिली राहत राशि
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 7:58:50 PMबोकारो, (हि.स.)। जिले के चंदनकियारी प्रखण्ड अंतर्गत विभिन्न गांवों के आपदा पीड़ित परिवारों के बीच मंत्री सह स्थानीय विधायक अमर कुमार बाउरी ने बुधवार को राहत राशि के 23 लाख रूपये की राशि का चेक 50 लोगों के बीच बांटा। स्थानीय अंचल कार्यालय में आयोजित वितरण शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि झारखण्ड की भाजपा सरकार जनता के हर सुख दुःख में उनके साथ है। साथ ही स्थानीय विधायक होने के नाते चंदनकियारी के जनमानस के किसी भी समस्या का समाधान का प्रयास उनकी प्राथमिकता है। बता दें कि उक्त राशि प्रखण्ड में अगलगी व अन्य प्राकृतिक आपदा में हुए क्षति के मुआवजे के रूप में राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गयी थी, जो मंत्री के प्रयास से शीघ्रतापूर्वक भुगतान किया गया सका।
दूसरी ओर सड़क हादसे के अलावे अन्य प्रकार से हुई क्षतिपूर्ति पर मंत्री के अधीन स्वविवेक सहयोग निधि के तहत आठ लोगो को भी सहायता राशि का चेक मंत्री द्वारा दिया गया। मौके पर प्रमुख हर्षिता रजवार, उपप्रमुख चंचला देवी, अंचलाधिकारी डा. प्रमोद राम, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रविन्द्र गुप्ता, देवाशीष सिंह, हेमन्त शेखर, विनोद गोराई, मिहिर बाउरी, खुर्शीद अंसारी व खलील अंसारी समेत कई लोग मौजूद थे।