अंतरराष्ट्रीय
म्यांमार के रखाइन में तीन बम धमाके, एक अधिकारी घायल
By Deshwani | Publish Date: 24/2/2018 7:38:28 PMयंगून। म्यांमार के रखाइन प्रांत की राजधानी सितवे में शनिवार तड़के तीन स्थानों पर धमाके हुए जबकि तीन स्थानों पर जिंदा बम बरामद हुए। एक स्थान की घटना में एक अधिकारी घायल हुआ है। बम उसके घर के भीतर रखा गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला धमाका प्रांत सरकार के सचिव के घर में हुआ, दूसरा सरकारी दफ्तर के सामने और तीसरा समुद्र तट के लिए जाने वाली सड़क पर हुआ।
धमाके वाले स्थानों की सड़कें बंद कर जांच की जा रही है। शहर भर में बमों की तलाश का अभियान चल रहा है। कई वर्षो से रखाइन प्रांत रोहिंग्या मुस्लिम और बौद्धों के टकराव के चलते संवेदनशील बना हुआ है। लेकिन इस तरह के सिलसिलेवार धमाकों की वारदात पहली बार हुई है।
अगस्त 2017 में इसी प्रांत में रोहिंग्या आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर हमला किया था। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सेना ने रोहिंग्या बहुल इलाकों में दमन किया। इसके परिणामस्वरूप करीब साढ़े छह लाख मुस्लिम भागकर बांग्लादेश पहुंचे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध के स्वर उठे। इस साल जनवरी में पुलिस की गोलीबारी में सात रोहिग्या मुस्लिमों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने उस समय भीड़ पर सरकारी दफ्तर को घेरने का आरोप लगाया था।