अंतरराष्ट्रीय
पुतिन ने की सीरिया से रूसी सेना की आंशिक वापसी की घोषणा
By Deshwani | Publish Date: 12/12/2017 4:37:16 PMदमिश्क, (हि.स.)। अचानक सीरिया के दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यहां से रूसी सैनिकों की आंशिक वापसी की घोषणा की है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
पुतिन ने मिस्र जाते समय लताकिया प्रांत में बेस का दौरा किया। यह इलाका सरकार का मजबूत गढ़ है।सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने पुतिन का स्वागत किया।
सीरिया के हेमिमीम एयर बेस का दौरा करने आए पुतिन ने टेलीविजन पर संबोधित करते हुए कहा, “मैंने रक्षा मंत्री और चीफ ऑफ जनरल स्टाफ को रूसी सैनिकों के समूह की उनके स्थायी बेस से वापसी शुरू करने का आदेश दिया है। साथ ही मैंने फैसला किया है कि रूसी सैनिकों की टुकड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा सीरिया से वापसी करे।”
रूस ने सबसे पहले 2015 में जंग में दखल देते हुए अपने सहयोगी दमिश्क के समर्थन में इस्लामिक स्टेट ग्रुप और अन्य जिहादियों के खिलाफ सरकारी बलों के साथ विद्रोहियों पर हवाई हमले किए थे।