अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका में श्रृंखलाबद्ध आव्रजन पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस में प्रस्ताव पेश
By Deshwani | Publish Date: 18/10/2017 2:55:42 PMवाशिंगटन, (हि.स.)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अधिकारिक तौर पर श्रृंखलाबद्ध आव्रजन की संभावनाओं पर अंकुश लगाए जाने के लिए मंगलवार को कांग्रेस से प्रस्ताव किया है। यह एक पेंचीदा मसला है, जिसे वह अपने चुनाव अभियान के दौरान मीडिया में लगातार उठाते आ रहे हैं। वह इसे सीधे अमेरिका में रोजगार पर एक दुष्प्रभाव के रूप में मानते हैं।
ट्रंप के इस प्रस्ताव के मंजूर होने के बाद भारत सहित अन्यान्य देशों से एच 1 बी पर आने वाले तकनीकी पेशेवरों के परिजनों का अमेरिका आना मुश्किल हो जाएगा। एच 1 बी और एच 1 के तहत प्रति वर्ष 85 हजार तकनीकी पेशेवर रोजगार के लिए अमेरिका आते हैं। इनमें ज्यादा तादाद भारतीयों की होती है। एक पेशेवर के साथ उनके परिजनों के पहले अस्थाई तौर पर और कालान्तर में स्थाई तौर पर अमेरिका आने और बसने तथा रोजगार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
अभी वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आईएमएफ की वार्षिक बैठक के दौरान अमेरिका के वित्त मंत्री और वाणिज्य मंत्री से एच1 बी वीजा पर अमेरिका आए भारतीय पेशेवरों की समस्या से अवगत कराया था। एच1बी पेशेवरों के परिजनों के लिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एच 4 वीजा के जरिए रोजगार के अवसर प्रदान किए थे, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने इस सुविधा पर अस्थाई रोक लगा दी थी। इतना ही नहीं पेशेवरों को अधिकतम छह साल बीत जाने के बावजूद ग्रीन कार्ड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस तरह के लाखों आवेदन साल 2008 से लंबित हैं।
राष्ट्रपति ने पिछले ही सप्ताह श्रुंखलाबद्ध आव्रजन के कथित दुष्प्रभावों को लेकर अपनी चिंताओं से कांग्रेस को अवगत कराया था।