बिहार
जिगर के टुकड़े की तलाश में दर-दर भटक रहा मजबूर बाप
By Deshwani | Publish Date: 24/9/2017 8:30:12 PM- एक माह पहले घर के दरवाजे से ही कोई उठा ले गया ढाई वर्षीय प्रिंस को
मोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पुत्र की तलाश में करीब एक माह से दर-दर भटक रहा है एक मजबूर पिता। इतने दिनों में अपने जिगर के टुकड़े की तलाश में वह कहां-कहां नहीं भटका। पुलिस से भी गुहार लगाई, मगर अब भी पुत्र को कोई अता-पता नहीं है। उस मजबूर बाप को यह भी पता नहीं कि उसका लाडला जिंदा भी है या...। यह मजबूर पिता है बंजरिया थाना क्षेत्र के गोखुला गांव तरकुलवा टोला निवासी जयदयाल राय। िजसका ढाई वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार पिछले 23 अगस्त की संध्या अपने घर के दरवाजे पर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई, अपने मित्र-परीिचतों तक खाेजबीन की गई, मगर पुत्र का पता नहीं चला। तब पुत्र के अपहरण की आशंका को लेकर पिछले 26 अगस्त को स्थानीय थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया। उसका केस दर्ज भी हो गया, मगर अब तक पुलिस भी उसका सुराग नहीं लगा पाई है। थकहार कर उसने 22 सितंबर को सदर डीएसपी के यहां गुहार लगाई है, मगर अभी इस दिशा में अभी तक क्या कार्रवाई हुई उसे पता नहीं है। उसे तो बस हर हाल में अपने पुत्र की खोजखबर चाहिए। बताया कि प्रिंस के गायब होने के बाद से ही परिजनों का बुरा हाल है। उसकी मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है। हर पल उसे अपने पुत्र का इंतजार रहता है, मगर यह इंतजार की घड़ियां कब खत्म होगी, यह तो वक्त ही बता पाएगा।
बहरहाल, यह पिता अपने पुत्र की तलाश में अब भी दर-दर भटक रहा है। इस क्रम में देशवाणी के दफ्तर में भी मदद की गुहार लगाने पहुंचा था। उसे जिले के तेज-तर्रार एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा से आस है, उसने बताया कि वह एसपी साहब से मिलकर भी अपनी फरियाद करेगा।