अंतरराष्ट्रीय
पूर्वी लंदन के एसिड हमला, 6 घायल
By Deshwani | Publish Date: 24/9/2017 5:54:31 PMलंदन, (हि.स.)। पूर्वी लंदन में शनिवार शाम हुए एक एसिड हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए। यह जानकारी लंदन महानगरीय पुलिस ने दी।
महानगरीय पुलिस ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा कि शनिवार रात करीब 8 बजे पुलिस स्ट्रैटफोर्ड शॉपिंग सेंटर के पास पहुंची जहां उन्हें पुरुषों के एक समूह की ओर से हानिकारक पदार्थ लोगों पर छिड़कने की सूचना मिली थी। पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि स्ट्रैटफ़ोर्ड ट्यूब स्टेशन के पास वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर के विभिन्न स्थानों में हुई इस घटना में लगभग छह लोग घायल हो गए। साथ ही पुलिस चश्मदीदों की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई वीडियो और तस्वीरों की जांच कर रही है। इसमें एक पुरुष को गंभीर शारीरिक क्षति (जीबीएच) के संदेह में गिरफ्तार भी किया गया। स्थानीय रिपोर्टों की मानें तो महानगरीय पुलिस (मेट्रोपोलिटन पुलिस) की ओर से यह घटना आतंकी हमले से संबंधित नहीं मानी जा रही।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही आतंकी संगठन आईएसआई की ओर से पार्सन्स ग्रीन के भूमिगत रेलवे स्टेशन पर हुए धमाके में 30 लोग घायल हो गए थे।