अंतरराष्ट्रीय
दुनिया की सबसे अमीर महिला बेटनकोर्ट का निधन
By Deshwani | Publish Date: 23/9/2017 2:51:51 PMपेरिस, (हि.स.)। मैडम लॉरियल के नाम से जाने वाली दुनिया की सबसे अमीर महिला लिलियन बेटनकोर्ट का 94 साल का उम्र में निधन हो गया है। वह ब्यूटी प्रोडक्ट्स कंपनी लॉरियल की इकलौती वारिस थीं। लिलियन भूलने की बीमारी डिमेंशिया और अल्जाइमर से पीड़ित थीं। बेटनकोर्ट के निधन की पुष्टि उनके परिवार ने की है।
1922 में पेरिस में जन्मी बेटनकोर्ट लॉरियल कॉस्मेटिक्स शुरू करने वाले यूजीन स्क्युलर की इकलौती संतान थीं । उन्होंने 1957 में अपने पिता की मृत्यु के बाद से ही कंपनी को संभाला था।उन्होंने लॉरियल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। कॉस्मेटिक्स कंपनियों के मामले में लॉरियल अग्रणी है। कंपनी के मुताबिक दुनियाभर में 89 हजार लोग कंपनी के साथ काम करते हैं।
लिलियन बेटनकोर्ट की संपत्ति फोर्ब्स मैग्जीन के मुताबिक, 40 अरब (करीब 2.59 लाख करोड़ रुपये ) से ज्यादा थी। कंपनी के चेयरमैन और सीईओ जीन-पॉल एगोन ने कहा कि वह हमेशा कंपनी के कारोबार पर अपनी नरज रखती थीं। कंपनी की सफलता में उनका अहम रोल था।
बेटनकोर्ट का नाम फ्रांस के एक बड़े स्कैंडल से भी जुड़ा था। उस स्कैंडल को 'बेटनकोर्ट अफेयर' के नाम से भी जाना जाता है जिसमें फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के करीबी का नाम भी इस मामले में सामने आया था।