अंतरराष्ट्रीय
कोरियाई संकट का राजनीतिक तरीके से निकले हलः एंतोनियो गुतारेस
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2017 11:00:55 AMसंयुक्त राष्ट। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कोरियाई प्रायद्वीप में मौजूदा स्थिति का राजनीतिक हल निकालने का आह्वान किया। उत्तर कोरिया के लगातार बैलिस्टिक मिसाइल और परमाणु परीक्षणों के कारण हाल के महीनों में कोरियाई प्रायद्वीप में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
गुतारेस ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, इस समस्या का केवल राजनीतिक समाधान हो सकता है। सैन्य कार्रवाई से इतने बड़े पैमाने पर विनाश हो सकता है जिससे उबरने में कई पीढ़िया लग जाएंगी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल परीक्षणों से कोरियाई प्रायद्वीप और उससे बाहर बड़े स्तर पर अस्थिरता और तनाव पैदा हुआ है जिसे देखते हुए सुरक्षा परिषद में एकता काफी अहम है।
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह सुरक्षा परिषद में सर्वसम्मति से पारित हुए प्रस्ताव से उत्तर कोरिया को यह स्पष्ट संकेत दिया गया कि उसे अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पूर्ण रूप से पालन करना होगा। उन्होंने सभी सदस्य देशों से इसे और सुरक्षा परिषद के अन्य संबंधित प्रस्तावों को पूरी तरह लागू करने का आह्वान किया।