मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन पर पिछले दिनों मची भगदड़ में 22 रेल यात्रियों की जान चली गई जबकि 35 लोग घायल हुए। हलांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि बरसात की वजह से ओवरव्रिज पर जमा यात्रियों की भीड़ में भगदड़ क्यों मची। फिर भी इसकी वजह अफवाह के सिवाय कुछ नहीं दिखती है, हलांकि यह बात जांच के बाद साफ होगी कि आखिर यह घटना हुई कैसे। यह बात भी सामने आ रही है कि बारिश की वजह से शार्ट सर्किट हुई। इसी दौरान अफवाह से भगदड़ मच गई और बेगुनाह यात्रियों की मौत हो गयी, जिसमें महिला यात्री भी शामिल हैं, जो लोग अपनी ड्यूटी पर जा रही थीं। जिस समय यह घटना हु,ई वह सुबह 10:40 का समय था। मुंबई और दूसरे महानगरों में यह वक्त नौकरी और आफिस के अलावा दूसरे कार्यो पर जाने वालों का होता है। इस दौरान लोकल टेनों में भीड़ का दबाब अधिक रहता है। भगदड़ क्यों मची, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। निश्चित तौर पर बेसिर पैर की अफवाह रेल यात्रियों की मौत का कारण बनी। रेल विभाग ने मुंबई में 30 ओवरब्रिज बनाने का फैसला किया है। इसके बावजूद सबसे अहम सवाल यह है कि इस तरह की घटनाओं को ओवरव्रिज बना कर नहीं रोका जा सकता है। अफवाहों को सिरपैर नहीं होता है। भीड़ में अगर लोग संयम से काम लें तो इस तरह के हादसों पर रोक लगायी जा सकती है।
देश में धार्मिक आयोजनों या भीड़ भाड़वाले स्थानों पर इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। चार साल पूर्व भी अफवाह की वजह से बिहार की राजधानी पटना में दशहरा उत्सव के दौरान गांधी मैदान में मची भगदड़ में 33 लोगों की मौत हो गयी थी। दक्षिण भारत के सबरीमाला मंदिर में भी एक धार्मिक उत्सव के दौरान पटाखे के ढेर में आग लग जाने से कई लोग जहां मारे गए थे, वहीं विस्फोट की वजह से मंदिर को भी क्षति पहुंची थी। इंटरनेशनल जर्नल आफ डिजास्टर रिस्क रिडक्शन में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार देश में 79 फीसदी हादसे धार्मिक अयोजनों में मची भगदड़ और अफवाहों से होते हैं। कुछ साल पहले एक सर्वे के अनुसार 15 राज्यों में पांच दशकों में 34 घटनाएं हुई हैं। इसमें हजारों लोगों को जान चली गयी। रिपोर्ट के अनुसार दूसरे नम्बर पर जहां अधिक भीड़ जुटती हैं, वहां 18 फीसदी घटनाएं भगदड़ की वजह से हुईं। तीसरे पायदान पर राजनीतिक आयोजन हैं, जहां भगदड़ और अव्वस्था से तीन फीसदी लोगों की जान जाती है। नेशनल क्राइम ब्यूरो के अनुसार देश में 2000 से 2012 तक भगदड़ में 1823 लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ी। चार साल पूर्व 2013 में तीर्थराज प्रयाग में आयोजित महाकुंभ के दौरान इलाहाबाद स्टेशन पर मची भगदड़ के दौरान 36 लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ी थी। सन 1954 में इसी आयोजन में 800 लोगों की मौत हो गई थी। उस दौरान कुंभ में 50 लाख लोगों की भीड़ आयी थी। वर्ष 2005 से लेकर 2011 तक धार्मिक स्थल पर अफवाहों से मची भगदड़ में 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। राजस्थान के चामुंडा देवी, हिमाचल के नैना देवी, केरल के सबरीमाला और महाराष्ट्र के मंडहर देवी मंदिर में इस तरह की घटनाएं हुई हैं। हलांकि भीड़ और अफवाहों की वजह से मचने वाली भगदड़ का सम्बंध सिर्फ भारत से नहीं बल्कि विदेशों भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। यहां मरने वालों को संख्या सबसे अधिक रही है। वर्ष 1980 से 2007 तक दुनिया में भगदड़ की 215 घटनाएं हुईं। इनमें 7,000 से अधिक लोगों की मौत हुई। घटनाओं में दोगुने से अधिक लोग जख्मी हुए। सन 2005 में बगदाद में एक धार्मिक जुलूस के दौरान तकरीबन 700 लोग मारे गए थे, जबकि 2006 में मीना घाटी में हज के दौरान लगभग 400 लोगों की मौत हुई।
हमारे पास भीड़ को नियंत्रित करने का कोई सुव्यवस्थित तंत्र नहीं है। इसकी वजह यह है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। सरकार की ओर से लोगों को मुआवजा देकर अपने दायित्वों की इतिश्री कर ली जाती है। फिर सरकार या व्यवस्था से जुड़े लोगों का ध्यान फिर इस ओर से हट जाता है। यही लापरवाही हमें दोबारा दूसरे हादसों के लिए जिम्मेदार बनाती है। हादसे कई परिवारों को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा करते हैं, जहां से वे पुनः अपनी दुनिया में नहीं लौट पाते हैं। अकारण परिवार का मुखिया, बेटी, पत्नी, मां, या पिता शिकार हो जाते हैं, जिन पर घर समाज की पूरी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सरकार के साथ रेल यात्रियों को भी अफवाह और भीड़ में संयम बरतने की आवश्यकता है।