दरभंगा
मुखिया के पति को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
By Deshwani | Publish Date: 7/1/2018 3:46:22 PMदरभंगा, (हि.स.)। जिले की बरणा पंचायत की मुखिया शकिला खातुन के पति मो. मुजिब को शनिवार की देर शाम प्रखंड मुख्यालय के सतीघाट हाई स्कूल चौक के निकट अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी और फरार हो गए।
मुजिब हरौली गांव की ओर जाने वाली सड़क के किनारे अपनी बाइक खड़ी कर किसी मित्र का इंतजार कर रहे थे, इसी बीच दक्षिण दिशा से एक बाइक पर दो लोग आए और उस पर ताबड़तोड़ दो राउन्ड गोली चलाकर फरार हो गए। इस घटना में मुजिब को एक गोली गले में व सीने के बीच लगी है। आसपास के लोगों ने तथा बीडीओ विवेक रंजन ने घायल को सतिघाट पीएचसी मे भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुजिब को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल मुजिब को गंभीर हालत के चलते दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को उन्होंने प्रखंड व्यापार मंडल के चुनाव में नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेज नारायण यादव के पक्ष में मतदाताओं को गोलबंद किया था। घटना के कुछ देर बाद स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर आसपास के मार्गों की नाकेबंदी कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। इस संदर्भ में कुशेशवरस्थान थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने बताया कि सभी मार्गों को सील कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।