बिहार
बाढ़ पीड़ित जीआर राशि के लिए एसबीआई के समक्ष देंगे धरना
By Deshwani | Publish Date: 25/9/2017 6:16:28 PMकटिहार, (हि.स.)। कटिहार जिला के आजमनगर प्रखण्ड अन्तर्गत महेशपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने जीआर राशि न मिलने के कारण आगामी 26 सितम्बर से भरतीय स्टेट बैंक, आजमनगर के समक्ष अनिश्चित कालीन धरना पर बैठने का निर्णय लिया है।
महेशपुर पंचायत के मुखिया नीलम सिंह ने सोमवार को बताया कि प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, आजमनगर द्वारा बीते 12 सितम्बर को जीआर फण्ड का 86 लाख का चेक भारतीय स्टेट बैंक, आजमनगर को दिया जा चुका है। इसके बावजूद शाखा प्रबंधक ने बाढ़ पीड़ितों के खाते में जीआर की राशि हस्तांतरित नहीं की है।
मुखिया ने बताया कि जीआर की राशि न मिलने से नाराज पीड़ितों ने मजबूरन 26 सितम्बर से एसबीआई, आजमनगर के समक्ष अनिश्चित कालीन धरना पर बैठने का निर्णय लिया है। इसकी सूचना प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व थाना प्रभारी, आजमनगर को दे दी गई है।