बिहार
बेतिया के मझौलिया में चालक की पिटाई कर 175 बोरा खाद्यान्न की लूट
By Deshwani | Publish Date: 22/9/2017 7:23:34 PMबेतिया। डा.घनश्याम
जिले के मझौलिया प्रखंड डिपो से बहुअरवा पंचायत के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लाद कर भेजे गये सरकारी गेहूं और चावल के 175 बोरा को सशस्त्र असामाजिक तत्वों ने परसा मठ के निकट लूट ली। घटना की सूचना पर पहुँचे अवर निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक और खलासी को पहले मारा-पीटा, फिर ट्रॉली के टायर में कील चुभो कर हवा निकाल दी। हमलावर 20 से 25 की संख्या में थे। जिनमें से अधिकांश ने मुंह पर गमछा बांध रखा था। एसआई श्री सिंह ने बताया कि ट्रॉली पर कुल 520 बोरा खाद्दान्न लदा था, जिसमें 345 बोरा ही बचा है। बाकी का 175 बोरा गेहूं- चावल की लूट की गई है। घटना स्थल पर पुलिस की एक टुकड़ी बचे राशन के देखरेख के लिए लगा दी गयी है।। पुलिस संभावित ठिकानों पर लूट के माल के लिए छापेमारी में जुटी है। सरकारी खाद्यान्न की लूट से पुलिस के होश उड़ गए है। एसआई ने बताया कि लुटेरों में कुछ की पहचान ट्रेक्टर चालक ने की है,जिसकी निशानदेही पर तलाश शुरू कर दी गई है।