राष्ट्रीय
भारत-पाकिस्तान के बीच डीजीएमओ स्तर की वार्ता
By Deshwani | Publish Date: 22/9/2017 6:03:26 PMनई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के रक्षा अधिकारियों के बीच डीजीएमओ स्तर की बातचीत हुई। पाकिस्तान के डीजीएमओ के आग्रह पर हुई इस बातचीत में उन्होंने भारतीय सैन्य अधिकारियों के समक्ष पाकिस्तानी नागरिकों को निशाना बनाए जाने का मुद्दा उठाया। जिसके जवाब में भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से संघर्ष विराम के उल्लंघन का मामला उठाया।
शुक्रवार को हुई इस वार्ता में भारत के डीजीएमओ ने जम्मू सेक्टर में पाक रेंजर्स द्वारा संघर्ष विराम की अवहेलना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल को पाक रेंजर्स को उचित जवाब देने के लिए तैनात किया गया है। पाक डीजीएमओ को यह भी स्पष्ट कराया कि भारतीय सेना ने कभी पाकिस्तानी नागरिकों पर निशाना नहीं साधा है।
दरअसल, सीमा सुरक्षा बल ने अमृतसर सीमा के पास पाक चौकियों की तरफ से होने वाली सशस्त्र घुसपैठ को रोकने के लिए गोलीबारी की थी। भारत के डीजीएमओ ने कहा कि भारतीय फौज एक कर्तव्यनिष्ठ सेना है और फौज को होने वाले किसी भी नुकसान का उचित जवाब देने का अधिकार रखती है।