पटना
शरद यादव का मीडिया कर्मियों से दुर्व्यवहार शर्मनाक : राजीव
By Deshwani | Publish Date: 19/8/2017 4:49:31 PMपटना, (हि.स.)। जदयू प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि वरिष्ठ नेता शरद यादव और राष्ट्रीय जनता दल के समर्थकों द्वारा पटना हवाई अड्डा और फिर राजभवन इलाके में मीडिया कर्मियों से दुर्व्यवहार शर्मनाक और निंदनीय है। राजद कार्यकर्ताओं के लिए यह सब नया नहीं, उनकी चिर-परिचित ''अराजकतवादी'' पहचान के अनुरूप ही है। अब यही पहचान राजद से सांठगांठ करने वाले शरद यादव की भी बन रही है। यह बातें प्रसाद ने शनिवार को जारी बयान में कही।
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट व गैरकानूनी तरीकों से अकूत संपदा अर्जित करने के आरोपों से घिरे राजद नेताओं की शह पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ता कानून का मखौल उड़ाने और अराजकता फैलाने के लिए वर्षों से पहचाने जाते हैं। आज शरद यादव जी उनसे जुड़े हैं तो यही अराजकता अब उनकी उपस्थिति में भी होने लगी है।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राजनीति में विचार, सिद्धांत व शुचिता जैसी बातें करते रहने वाले अनुभवी नेता शरद यादव अब राजद की अराजकतावादी राजनीति व लालू-तेजस्वी परिवार की गैरकानूनी तरीके से अर्जित बेहिसाब संपत्ति बचाओ अभियान का हिस्सा बनकर नए किस्म की राजनीति का अनुभव ले रहे हैं। लोकतंत्र का मजाक उड़ाने और कानून को ठेंगा दिखलाने वाली इस नए किस्म की राजनीति का असर उनके आसपास दिखना शुरू हो गया है। पटना में शनिवार को कम से कम दो स्थानों पर मीडिया कर्मियों से दुर्व्यवहार शरद जी की इसी नए किस्म की राजनैतिक सांठगांठ का असर है। लेकिन गैरकानूनी तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित करने व कानून हाथ में लेकर अराजकता फैलाने को अब जनता स्वीकार नहीं करेगी।