बिहार
सृजन महाघोटाले के मुख्य आरोपी विपिन शर्मा भाजपा से निष्कासित
By Deshwani | Publish Date: 19/8/2017 11:25:32 AMभागलपुर, (हि.स,)। बिहार के भागलपुर में सृजन घोटाले में नाम आने के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई ने विपिन शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कुछ दिन पूर्व ही उन्हें भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पाण्डे ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय से उनके निष्कासन का पत्र मिल गया है। उन्होंने उनके निष्कासन की वजह उनके पार्टी विरोधी विरोधी कामों को बताया। साथ ही यह आशंका जतायी कि प्रदेश इकाई ने उनपर सृजन घोटाले में संलिप्त होने का आरोप लगने पर यह कार्रवाई की हो। दरअसल विपिन शर्मा पर सिर्फ सृजन घोटाले में शामिल होने के आरोप ही नहीं लगे बल्कि एसआईटी और ईओयू की टीम ने उनके घर पर छापेमारी भी की। हालांकि इस दौरान विपिन शर्मा जांच दल की पकड़ में नहीं आ सके। सृजन घोटाले में विपिन शर्मा की संलिप्तता सबसे अधिक मानी जा रही है। घोटाला उजागर होने के बाद से ही वे फरार चल रहे हैं।